अखिलेश को योगी ने दिया ऑफर चलो अयोध्या से किस्मत आजमाते है
•📅 10 अक्टूबर 2026 | शाम 2:14 बजे
⏱️ 3 मिनट पठन👁 42 व्यूज

मुख्यमंत्री ने बलरामपुर के विकास के लिए 803 करोड़ से अधिक की 78 परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास
बलरामपुर ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी की धरा बलरामपुर के विकास के लिए 803 करोड़ रुपये से अधिक की 78 परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अयोध्या विधानसभा सीट के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी, कहा- चेले को हटाइए। आइए, हम और आप दोनों किस्मत आजमाते हैं।
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को खुला प्रस्ताव दिया। कहा कि आइए, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी। एक बार दोनों किस्मत आजमा लेते हैं। लड़ाई चेलों से क्यों? लड़ाई तो आमने-सामने होनी चाहिए। सीएम ने तंज कसा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने और उनकी कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले हम लोगों से क्या ही लड़ पाएंगे, क्योंकि जनता तो पहले ही इनकी छुट्टी कर चुकी है। इनकी स्थिति ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी हो चुकी है। विधानसभा का चुनाव परिणाम फिर 80-20 का होगा। 80 फ़ीसदी सीटों पर भाजपा का एनडीए और 20 फीसदी पर इनका गठबंधन रहेगा। सीएम ने अपने सभी जनप्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने गैंसड़ी विस क्षेत्र के लिए सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हम वहां पैसा देना चाहते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी की विकास कार्य में रुचि नहीं है।
पीडीए से नहीं, अखिलेश के चचाजान और धन्ना सेठ गए राज्यसभा
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए पर निशाना भी साधा। कहा कि इस ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ की परिवार के बाहर कोई सोच ही नहीं है। अभी राज्यसभा चुनाव में इन्होंने दो प्रत्याशी खड़े किए, लेकिन इनमें कोई दलित, पिछड़ा (कुर्मी, पाल आदि), ब्राह्मण, कायस्थ, वैश्य, क्षत्रिय, खत्री आदि प्रत्य़ाशी नहीं था। एक सीट पर अखिलेश यादव के चचाजान (रामगोपाल यादव) थे और दूसरी इन्होंने एक धन्ना सेठ को बेच दी। परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी में जो पराया धन दे, वही अपना है। पीडीए का वास्तविक मतलब- प्रदेश डुबाऊ अलायंस है। इन्होंने प्रदेश को डुबाया, नौजवानों की नौकरी पर डकैती डाली और बलरामपुर को देश का सबसे गरीब जनपद बना कर छोड़ दिया।
अब नहीं पनप सकेगा कोई छांगुर
सीएम ने कहा कि सपा सरकार ने बदमाश दिए, लेकिन अब कोई भारत-विरोधी गतिविधियों में लिप्त नहीं हो सकता। अब सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी छांगुर को पनपने नहीं देंगे और डेमोग्राफ़ी भी नहीं बदलने देंगे। बीमारियां, इंसेफेलाइटिस, छांगुर, तस्करी ही सपा की पहचान थी। मुख्यमंत्री ने आपदा में जनहानि व मानव वन्यजीव संघर्ष में जनहानि-पशुहानि पर 24 घंटे के अंदर मुआवजा देने की बात भी दोहराई।
इस अवसर पर विधायक पल्टूराम, रामप्रताप वर्मा, कैलाश नाथ शुक्ल, विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह ‘मंजू’, जिला पंचायत प्रशासक आरती तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेष कुमार सिंह ‘शैलू’, नगर पालिका परिषद उतरौला की चेयरमैन सविता गुप्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



