आयुर्वेद - स्वास्थ्य शिविर में उमड़े ग्रामीण, 250 मरीजों की हुई जांच
•📅 15 अक्टूबर 2026 | शाम 3:21 बजे
⏱️ 4 मिनट पठन👁 19 व्यूज

80 बच्चों को पिलाई गई स्वर्णप्राशन दवा, 120 लोगों की आंखों की जांच
हंडिया, प्रयागराज।ग्रामीणों को गांव में ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को आयुर्वेद विभाग द्वारा विकास खंड धनूपुर के ग्राम बनकट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय परिसर में आयुष विभाग की ओर से ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी, प्रधान पति पंकज पाण्डेय, संस्कार भारती के सर्वेश पाण्डेय और डॉ. अवनीश पाण्डेय ने दीप जलाकर तथा भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
शिविर में कुल 250 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें जरूरी सलाह दी गई। बच्चों के स्वास्थ्य और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 80 बच्चों को स्वर्णप्राशन की दवा पिलाई गई।
शिविर में अलग-अलग बीमारियों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए। ये काउंटर शिविर में आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। यहां मरीजों की बीमारी के अनुसार उनकी जांच की गई और इलाज के बारे में जरूरी सलाह दी गई।
शिविर में 120 लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच की गई। इनमें मोतियाबिंद से पीड़ित या इसके लक्षण वाले 30 मरीजों को आगे की जांच और इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजने की सलाह दी गई, ताकि उन्हें समय पर बेहतर इलाज मिल सके। मधुमेह के रोगियों का ब्लड शुगर जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली एवं उचित खान पान की सलाह दी गई
शिविर में पेट की बीमारी, त्वचा रोग, लीवर की परेशानी, बवासीर, भगंदर, महिलाओं से जुड़ी बीमारियों, सर्दी-खांसी, सांस की परेशानी, जोड़ों के दर्द, गठिया, मोटापा और मधुमेह सहित कई बीमारियों के मरीजों को सलाह दी गई। साथ ही ब्लड शुगर की जांच भी की गई। डॉक्टरों ने लोगों को खानपान और रहन-सहन में सुधार कर स्वस्थ रहने के तरीके बताए।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी ने संतुलित भोजन, समय पर सोने-जागने, योग और व्यायाम के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखने पर समय से जांच कराने और उचित इलाज लेने की अपील की।सर्वेश पाण्डेय ने बताया कि हमारे पूर्वज आयुर्वेद में बताए गए घरेलू उपचार से ठीक हो जाते थे।आज समय है कि हम आयुर्वेद में बताई गई दिनचर्या को अपनाएँ।
शिविर में हंडिया, बरौत, अतरौरा और हरीपुर मर्रो स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के डॉक्टर डॉ. अवनीश पाण्डेय, डॉ. सुनील दत्त द्विवेदी, डॉ. सुमन मिश्रा, डॉ. भावना दत्त और डॉ. विवेक शुक्ला सहित स्वास्थ्य टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें सलाह दी।
कार्यक्रम का निर्देशन क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी ने किया। शिविर में जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. हरे कृष्ण मिश्रा, प्राथमिक विद्यालय बनकट के प्रधानाध्यापक रघुवीर कुमार राव तथा फार्मासिस्ट दिनेश दुबे, विजय बहादुर मौर्य, निलेश कुमार, रामलाल, हितेन्द्र और रमेश पाल का विशेष सहयोग रहा।




