चिकित्सकों, योगाचार्यों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दिया स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश
•📅 19 सितंबर 2026 | शाम 12:01 बजे
⏱️ 3 मिनट पठन👁 368 व्यूज

स्वास्थ्य जागरूकता के लिए आयुष विभाग ने निकाली ‘रन फॉर आयुर्वेद’ रैली
प्रयागराज। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर “स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद” थीम के अंतर्गत आयुष विभाग, प्रयागराज द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से ‘रन फॉर आयुर्वेद’ रैली का आयोजन किया गया। रैली को क्षेत्रीय पार्षद आनन्द घिल्डियाल, आरोग्य भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) जी. एस. तोमर एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद उद्यान के गेट नंबर-3 से प्रारंभ होकर भारद्वाज आश्रम पर सम्पन्न हुई। रैली में आयुष विभाग के चिकित्सकों, योगाचार्यों, कर्मचारियों एवं विभिन्न सामाजिक और चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने आयुर्वेद के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली, नियमित योगाभ्यास एवं प्राकृतिक जीवन पद्धति के प्रति जनमानस को जागरूक करने वाले नारे लगाए।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) जी. एस. तोमर ने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की समग्र जीवनशैली है। नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, योग एवं प्राणायाम को अपनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बन सकता है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. नवीन सोनी ने कहा कि 11वें आयुर्वेद दिवस के अंतर्गत आयोजित रन फॉर आयुर्वेद रैली का उद्देश्य आमजन को आयुर्वेद की उपयोगिता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आयुष विभाग द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य संरक्षण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्षद आनन्द घिल्डियाल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में जनजागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका है। आयुर्वेद और योग हमारी समृद्ध भारतीय परंपरा के अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजन लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा अपनी दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं।
रैली में विश्व आयुर्वेद परिषद से डॉ. एम. डी. दुबे, नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष डॉ. भरत नायक, पतंजलि महिला योग समिति से शुभम सिंह, डॉ. अशोक कुशवाहा, डॉ. शारदा प्रसाद, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ हेमंत कुमार सिंह, डॉ अवनीश पाण्डेय, डॉ. महेन्द्र त्रिपाठी,डॉ. सुमन मिश्रा, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. विवेक शुक्ला, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. राजतिलक तिवारी, डॉ सुनील दत्त द्विवेदी, डॉ किरन कुमार मौर्या, डॉ अजय प्रताप सिंह, डॉ संतोष यादव,
डॉ अवधेश त्रिपाठी, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. संदीप पाण्डेय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आयुष डॉ. एच. के. मिश्रा, दीप्ति योगेश्वर,डॉ. विमलेश मिश्रा, निलेश कुमार एवं डॉ. गिरीश पाण्डेय सहित आयुष विभाग के चिकित्सक, योगाचार्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




