बलिया- मडुआ बना आफत रोटी खाने से दो दर्जन से अधिक महिलाओं की तबीयत बिगड़ी
•📅 2 अक्टूबर 2026 | शाम 12:20 बजे
⏱️ 2 मिनट पठन👁 36 व्यूज

जिउतिया व्रत से पहले एक ही गांव की महिलाओं ने खाई थी रोटी, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
बलिया(मान्यवर ब्यूरो)।बलिया जिले में बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता गांव में मडुआ के आटे की रोटी खाने के बाद दो दर्जन से अधिक महिलाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उल्टी,पेट दर्द समेत अन्य शिकायतों के बाद सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के बीमार पड़ने से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसकी जानकारी होते ही नवागत जिला अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह जिला अस्पताल में पहुंचे और महिला मरीजों का हाल-चाल जाना और मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बताते चलें कि जिउतिया व्रत से एक दिन पहले मडुआ के आटे की रोटी सतपुतिया की सब्जी संग खाने की परंपरा है। इसी के तहत छाता गांव की महिलाओं ने भी मडुआ के आटे की रोटी खाई थी। इसके कुछ समय बाद ही एक के बाद एक महिलाओं की तबीयत बिगड़ने लगी। सभी प्रभावित महिलाएं एक ही गांव छाता की हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मडुआ का आटा एक ही दुकान से खरीदा था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन महिलाओं को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने के बाद अस्पताल प्रशासन ने डॉक्टरों की इमरजेंसी कॉल बुलाई और कई मेडिकल टीमों को इलाज में लगाया गया। इस बाबत जिला अस्पताल के सीएमएस सुजीत कुमार यादव ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों की कई टीमें लगाई जा रही हैं।




