बलिया में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की चंहुओर धूम

दैनिक मान्यवर बलिया
।शहर और ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को चंहुओर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर से लेकर गांवों तक जगह-जगह पूजा पंडाल सजाए गए। आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और सजावटी सामानों से सजे पंडाल शाम होते ही रोशनी से जगमगा उठे। मंदिरों और पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर शहर के मंदिरों और ग्रामीण क्षेत्रों में कई दिन से तैयारियां चल रही थीं। मंदिर परिसरों की साफ-सफाई और सजावट पूरी कर ली गई। कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां भी सजाई गई हैं। पंडालों और मंदिरों में भजन-कीर्तन के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।पुलिस लाइन और जिले के सभी थानों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। थाना परिसरों में बने मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कार्यक्रम में पहुंचने वाले मेहमानों का स्वागत संबंधित थानाध्यक्षों की ओर से किया जा रहा है। पुलिसकर्मियों में भी जन्मोत्सव को लेकर उत्साह देखने को मिला।पूजा की तैयारियों में जुटे आचार्य शुशुल कुमार पांडेय ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर पूजन का शुभ मुहूर्त रात 10 बजे से 12 बजे तक है। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले के रूप में पूजा जाता है। जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों और पूजा पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजा-अर्चना और उत्सव का आयोजन किया जाएगा।जिले भर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।


