महिला आरक्षी साइबर ठगी का शिकार,लूटे चार लाख पन्द्रह हजार
•📅 11 अक्टूबर 2026 | शाम 3:03 बजे
⏱️ 2 मिनट पठन👁 62 व्यूज

भदोही। थाने में तैनात एक महिला आरक्षी साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। गूगल पर गायनेकोलॉजिस्ट की तलाश के दौरान मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने और अपॉइंटमेंट बुकिंग के लिए भेजे गए लिंक को खोलने के बाद उनके बैंक खाते से 9 किस्तों में 4 लाख 15 हजार 672 रुपये निकल गए। पीड़िता की तहरीर पर भदोही कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, महिला आरक्षी शामली देवी पत्नी भगवानदीन तिवारी मूल रूप से ग्राम लौमर, थाना चिल्ला, जनपद बांदा की निवासी हैं और वर्तमान में भदोही थाने में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर 2026 को इंटरनेट पर गायनेकोलॉजिस्ट भदोही सर्च करने पर गूगल पर डॉ. विवेक शर्मा के नाम से एक मोबाइल नंबर दिखाई दिया।
महिला आरक्षी ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो सामने वाले ने डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक करने की बात कही। इसके बाद उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजी गई। पीड़िता के मुताबिक, लिंक खोलने के बाद सुबह करीब 7:40 बजे लगभग 9 मिनट 14 सेकेंड तक बातचीत हुई।
इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5 बजे उनके बैंक खाते से नौ किस्तों में कुल 4,15,672 रुपये कट गए। महिला आरक्षी ने संबंधित मोबाइल नंबर के जरिए साइबर अपराध होने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में भदोही कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में आज सुबह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।




