रेलवे ट्रैक पर चलना पड़ा महंगा चली गई जान
•📅 11 अक्टूबर 2026 | शाम 3:59 बजे
⏱️ 1 मिनट पठन👁 84 व्यूज

भदोही रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर रविवार को एक ट्रेन की चपेट में आने से करीब 32 साल के युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद युवक का शव कई टुकड़ों में बिखर गया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक, युवक रेलवे ट्रैक पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान आनंद विहार से दानापुर जाने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13258) की चपेट में आ गया। ट्रेन सुबह करीब 9:30 बजे घटनास्थल से गुजरी।
जीआरपी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शव बुरी तरह बिखर गया था। लगभग 150 मीटर के दायरे में बिखरे टुकड़ों को जमा किया गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
मृतक के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला है, जिसका डिस्प्ले टूटा हुआ है। पुलिस मोबाइल के जरिए युवक की पहचान और परिजनों से संपर्क की कोशिश कर रही है।




