संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत पुलिस जांच में जुटी
•📅 22 अक्टूबर 2026 | सुबह 11:43 बजे
⏱️ 2 मिनट पठन👁 70 व्यूज

भदोही, भदोही कोतवाली क्षेत्र के चकमीर वार्ड नंबर 14 में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 20 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के समय पति जागरण देखने गया था।
मृतका की पहचान सानिया (20) के रूप में हुई है। वह चकमीर वार्ड नंबर 14 निवासी अफरोज की पत्नी थी। मायका भानपुर गांव बताया गया है। शादी करीब एक साल पहले हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात अफरोज नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित जागरण कार्यक्रम देखने गया था, जबकि सानिया घर पर थी। देर रात लौटने पर अफरोज को कमरे में पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के पिता खालिक ने कोतवाली में तहरीर देकर दामाद अफरोज, उसके ससुर, एक युवती और दामाद के चाचा के खिलाफ आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
तीन लोगों से पूछताछ, जांच जारी
पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को कोतवाली बुलाया है। कोतवाली प्रभारी शैलेष कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कस्बा चौकी प्रभारी पारसनाथ यादव ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




