कपसेठी पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक अभिलेख के मामले में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार, 6 मार्कशीट बरामद

कपसेठी पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक अभिलेख के मामले में वांछित अभियुक्त को किया गिरफ्तार, 6 मार्कशीट बरामद
सेवापुरी: कपसेठी थाना पुलिस ने फर्जी शैक्षणिक अभिलेख तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 मार्कशीट बरामद की हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार थाना कपसेठी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के साथ ही वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कपसेठी चौराहे के पास से वांछित अभियुक्त रवि मौर्य पुत्र सुख्खू मौर्य, निवासी बनकट, उम्र करीब 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 6 अदद मार्कशीट बरामद की गईं।
अलग-अलग नाम, पिता के नाम और जन्मतिथि का किया प्रयोग
पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अलग-अलग नाम, पिता के नाम एवं जन्मतिथि का प्रयोग कर शैक्षणिक अभिलेख तैयार कराए और उनका उपयोग किया।
इस संबंध में थाना कपसेठी में अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के दौरान अभियुक्त का नाम प्रकाश में आने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी।
पूछताछ में सामने आई फर्जी अभिलेख तैयार करने की जानकारी
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसने पूर्व में रवि मौर्य पुत्र राजकुमार मौर्य के नाम से तथा जन्मतिथि 5 जुलाई 1999 अंकित कर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी।
बाद में दोबारा पढ़ाई करने के उद्देश्य से उसने अलग विवरण के आधार पर कक्षा-8 की अंकतालिका तैयार कराई, जिसमें अपना नाम रवि मौर्य, पिता का नाम सुख्खू मौर्य तथा जन्मतिथि 10 जुलाई 2004 दर्ज कराई गई।
बदले हुए विवरण के आधार पर आगे की पढ़ाई
पुलिस के अनुसार उक्त अभिलेख का प्रयोग कर अभियुक्त ने कक्षा-9 में पुनः प्रवेश लिया और बदले हुए विवरण के आधार पर आगे की शैक्षणिक परीक्षाएं उत्तीर्ण कर संबंधित अभिलेख प्राप्त किए।
उसके कब्जे से बरामद 6 मार्कशीट इसी बदले हुए विवरण से संबंधित पाई गई हैं।
कपसेठी पुलिस द्वारा फर्जी शैक्षणिक अभिलेख मामले में की गई कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध दस्तावेजों के उपयोग पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दैनिक मान्यवर
सब पर नजर, सबकी खबर।

