सुरियावा में बरामद हुआ पटाखों का जखीरा, एक गिरफ्तार

सुरियावां।। दीपावली के त्योहार को देखते हुए पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को सुरियावां पुलिस ने कस्बे के वार्ड नंबर छह इंद्रानगर में छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को शांति व्यवस्था और चेकिंग के दौरान मिली सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने इंद्रानगर स्थित एक बंद मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में छिपाकर रखे गए पटाखों का भारी जखीरा मिला। मौके से मुमताज अली (44) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हारून निवासी वार्ड नंबर छह इंद्रानगर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मकान से तीन सफेद प्लास्टिक की झाल, 11 छोटी-बड़ी प्लास्टिक की बोरियां और चार छोटे-बड़े कार्टून में भरे पटाखे बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दीपावली पर पटाखों की बिक्री से अच्छी आमदनी होने की उम्मीद में उसने अपने वैध लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करते हुए सुरक्षित गोदाम के बजाय घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित बंद मकान में पटाखे छिपाकर रखे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मौके पर भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में थाना सुरियावां में मुकदमा अपराध संख्या 338/2026 के तहत धारा 288 बीएनएस और 9बी विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील खां, मुख्य आरक्षी रजत कुमार सिंह, आरक्षी अहम सिंह, आशीष कुमार शुक्ला, महिला आरक्षी सोनल और प्रियंका शामिल रहीं।



