खड़े कंटेनर में पीछे से घुसा टैंकर, दोनों चालकों की दर्दनाक मौत

गेराई के पास देर रात हुआ हादसा, कंटेनर के नीचे मरम्मत कर रहा था चालक डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग पर गेराई के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चालकों की मौत हो गई। सड़क किनारे खराब होकर खड़े कंटेनर में पीछे से तेज रफ्तार टैंकर जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर के नीचे मरम्मत कर रहे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक क्षतिग्रस्त केबिन में फंसकर दम तोड़ बैठा।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर संख्या NL01Q3776 प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा था। गेराई के पास अचानक वाहन में खराबी आ गई। चालक ने कंटेनर को सड़क किनारे खड़ा कर नीचे उतरकर मरम्मत शुरू कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे टैंकर संख्या UP65BT0728 ने तेज रफ्तार में कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से कंटेनर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नीचे काम कर रहा चालक उसकी चपेट में आ गया। वहीं टैंकर का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चालक अंदर फंस गया। उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
डेढ़ घंटे तक हाईवे पर लगा जाम
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों वाहनों के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग की उत्तरी लेन पर आवागमन बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। एनएचएआई की क्रेन मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।



